हल्द्वानी , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है, इसी क्रम में हल्द्वानी के बरेली रोड में भी मंडी से लेकर तीनपानी तक सड़क चौड़ीकरण का काम प्रगति पर है, यहां चौड़ीकरण के कारण 250 दुकानदारों और भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं। उप जिलाधिकारी हल्द्वानी प्रमोद कुमार ने बुधवार को बताया कि प्रशासन द्वारा जिन भी व्यक्तियों को नोटिस दिए गए हैं उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है, साथ ही उन्होंने बताया कि लोगों से अपील भी की जा रही है कि जिस भी व्यक्ति का मकान या दुकान अतिक्रमण की जद में आ रहा है उसे वह स्वयं हटा ले, और जिस व्यक्ति की वैध भूमि चौड़ीकरण की जद में आ रही है वह अपने भूमि के दस्तावेज सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें।

उप जिलाधिकारी ने कहा कि आज हल्द्वानी की सड़कों में वाहनों का दबाव अत्यधिक बढ़ चुका है जिस वजह से सड़कों का चौड़ीकरण किया जाना आवश्यक हो गया है, साथ ही उन्होंने बताया कि अब सड़क की चौड़ाई 22 मीटर तक की जानी है जिसके चलते अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित