मुरैना , जनवरी 14 -- मध्यप्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा है कि प्रदेश सरकार के लिए सड़क, बिजली और पानी सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं और सरकार का संकल्प है कि कोई भी गांव विकास से अछूता न रहे।
कृषि मंत्री श्री कंषाना बुधवार को सुमावली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जखौना रायपुर में स्कूल परिसर के पास से राठौर का पुरा होते हुए बघपुरा रोड तक 1 करोड़ 38 लाख 59 हजार रुपये की लागत से बनने वाली 1.10 किलोमीटर लंबी सड़क के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती रजनी माहौर, समाजसेवी बालकृष्ण सांटा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि सरकार विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब किसान खुशहाल होगा, तभी प्रदेश और देश खुशहाल होंगे। किसान की फसल जब सुरक्षित और बेदाग उसके घर तक पहुंचेगी, तभी उसके परिवार में समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री होने के नाते वे किसानों के उन्नतशील विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास कार्य और अधिक गति पकड़ेंगे, जिसके लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। यदि ग्रामीणों को किसी प्रकार की समस्या है तो उसे प्राथमिकता के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। पंचायत क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी को लिखित रूप में प्रस्तुत करने का आग्रह भी उन्होंने किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा श्मशान निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर मंत्री श्री कंषाना ने मौके पर ही श्मशान निर्माण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से ग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आवागमन सुगम होगा। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में ग्राम पंचायतों में और अधिक जनहितकारी कार्य कराए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित