भीलवाड़ा , जनवरी 16 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के जिला कारागृह परिसर स्थित खुली जेल में सजा काट रहे एक बंदी की अचानक तबीयत बिगडऩे के बाद महात्मा गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी।

जेल प्रशासन ने बताया कि मृतक अस्थमा से ग्रसित था। मौत के कारणों की न्यायिक जांच होगी।

जेल अधीक्षक शैलेंद्र सिंह फौजदार ने शुक्रवार को बताया कि बड़ी सादड़ी, चित्तौडग़ढ़ निवासी किशनलाल (61) जिला कारागृह परिसर स्थित खुली जेल में हत्या के मामले में सजा काट रहा था। चौदह जनवरी की शाम किशन की अचानक तबीयत खराब हो गयी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार को किशन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

मौत की सूचना मिलते ही पुलिस एवं जेल प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया। जहां उसका मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जायेगा।

श्री फौजदार ने बताया कि किशन लाल हत्या के मामले में सजा भुगत रहा था। वह 30 दिसंबर 2025 को ही हनुमान गढ़ की खुली जेल से भीलवाड़ा खुली जेल में स्थानांतरित हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित