सक्ती , मई 10 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने रविवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रपुर थाना में पदस्थ एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरोपी एएसआई ने एक मामले में कार्रवाई से बचाने के एवज में कुल 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बताया गया है कि आरोपी पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था, जबकि शेष 20 हजार रुपये लेते समय एसीबी टीम ने उसे धर दबोचा।
बिलासपुर की एसीबी टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित