, Feb. 28 -- रियाद, 28 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) सऊदी अरब, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने उनकी सरज़मीन पर मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमलों की निंदा की है, जबकि यूरोपीय संघ (ईयू) ने पश्चिमी एशिया में स्थिति को चिंताजनक करार दिया है।

सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), बहरीन, कतर, कुवैत और जॉर्डन पर ईरान का हमला इन देशों की संप्रभुता का उल्लंघन है। मंत्रालय ने कहा कि वह प्रभावित देशों के साथ पूरी तरह से खड़ा है और उनके उठाये गये किसी भी कदम के समर्थन में अपनी पूरी क्षमता लगाने के लिए तैयार है।

सऊदी अरब ने देश की संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून के लगातार उल्लंघन के गंभीर नतीजों की चेतावनी दी। उसने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हमलों की निंदा करने और क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए खतरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।

दूसरी ओर, कुवैत के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा कि यह "कुवैत की संप्रभुता, हवाई क्षेत्र, अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन है। यूएई ने भी इन हमलों की निंदा की, जबकि जॉर्डन ने कहा कि वह पश्चिमी एशिया में किसी भी तरह के तनाव का हिस्सा नहीं बनेगा।

इस बीच, ईयू के नेताओं ने शनिवार को कहा कि ईरान का घटनाक्रम "बहुत चिंताजनक" है। संघ ने सभी पक्षों से ज़्यादा से ज़्यादा संयम बरतने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित