पौड़ी गढ़वाल,29मार्च(वार्ता) उत्तराखंड (पौड़ी गढ़वाल) के श्रीनगर, केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के सौजन्य और नगर निगम व पराज इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से श्रीनगर गढ़वाल में लोकरंग उत्सव का आयोजन किया गया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीकोट के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गुजरात, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड राज्यों के विभिन्न लोकनृत्य एवं लोकगायन की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्घाटन मेडिकल कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉक्टर विनिता रावत द्वारा किया गया। विभिन्न राज्यों में समय समय पर अलग-अलग प्रांतों की संस्कृति और वहां की लोक परम्पराओं से अवगत कराने के उद्देश्य से केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित किये जाने वाले इस तरह के कार्यक्रमों के प्रति जनता का उत्साह उनकी उपस्थिति के तौर पर भी देखा जा सकता है।
श्रीनगर में आयोजित किये गए लोकरंग उत्सव में भावविभोर करने वाली विभिन्न मंचीय प्रस्तुतियों के दौरान मौजूद जनता ने उनका जमकर लुत्फ उठाया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ.विनिता रावत ने सराहना करते हुवे आयोजन को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित