नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को संसद में विकसित भारत: रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) ( वीबी-जी राम जी) विधेयक की प्रति फाड़ने पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सांसदों के आचरण की आलोचना करते हुए इसे लोकतंत्र को कलंकित करने वाला बताया।
श्री चौहान ने यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज लोकसभा में विपक्षी दल कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सांसदों के आचरण से संसदीय मर्यादाएं तार-तार हुई हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अपने कृत्य से लोकतंत्र को भीड़तंत्र और गुंडातंत्र में बदला है।
श्री चौहान ने कहा, " आप जानते हैं कि विकसित भारत: रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) ( वीबी-जीरामजी) विधेयक पर चर्चा थी। संसद में बुधवार को इस विधयेक पर चर्चा शुरू हुई, हमने पूरी गंभीरता से माननीय सांसदों की बातें सुनीं, क्योंकि चर्चा ही लोकतंत्र की प्राण है। लेकिन विपक्ष द्वारा जैसा अमर्यादित आचरण का प्रदर्शन हुआ, कागज फाड़कर उछाले गए, तो क्या ये बापू का अपमान नहीं है। मैं उनके इस कृत्य का घोर निंदा करता हूं।"श्री चौहान ने कहा कि गरीब कल्याण... यह भाजपा का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक नहीं अनेकों योजनाएं लगातार गरीबों के जीवन को बेहतर बनाने का काम कर रही हैं। जिससे 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। विकसित भारत के लिए, रोजगार और विकसित गांव... ये मोदी जी का संकल्प है। इस योजना में रोजगार के लिए जहां 100 दिन की गारंटी थी, अब वो बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित