अलवर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में सरकार की नीतियों के विरोध में सोमवार को जिला अस्पताल परिसर के ट्रामा वार्ड के बाहर अस्पताल में कार्यरत संविदा कार्मिकों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन संविदा संघर्ष समिति राजस्थान के आह्वान पर किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्मिकों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जतायी। संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष यश जोशी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा में प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों के लिए जो घोषणाएं की गयीं थी। उन्हें अब तक पूर्ण रूप से लागू नहीं किया गया है। इससे संविदा कार्मिकों में गहरा रोष व्याप्त है। प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत कार्मिक वर्षों से सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो नौकरी की सुरक्षा मिल रही है और न ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ।

उन्होंने बताया कि कार्मिकों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण का सामना करना पड़ रहा है। संघर्ष समिति ने मांग की है कि सभी संविदा एवं प्लेसमेंट कार्मिकों को राजस्थान राज्य सरकार की सेवा नियमावली में शामिल किया जाए। साथ ही आकस्मिक, मेडिकल एवं अन्य अवकाशों सहित अन्य लाभ दिये जायें।

इसके अलावा समिति ने समान कार्य समान वेतन लागू करने और प्रतिवर्ष 20 प्रतिशत वेतन वृद्धि की भी मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि सरकार ने जल्द मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित