नयी दिल्ली , मार्च 09 -- भारतीय सशस्त्र बलों का एक दल सेशेल्स के रक्षा बलों के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास लामितिये- 2026 के ग्यारहवें संस्करण में हिस्सा लेने के लिए सेशेल्स पहुंच गया है। रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि यह संयुक्त अभ्यास 20 मार्च तक सेशेल्स रक्षा अकादमी में किया जा रहा है। क्रियोल भाषा में 'लामितिये' का अर्थ 'मित्रता' है। अभ्यास के इस संस्करण में भारतीय सशस्त्र बलों की भागीदारी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस संयुक्त सैन्य अभ्यास में असम रेजिमेंट, भारतीय नौसेना और वायु सेना के सैनिक, नौसेना का युद्धपोत आईएनएस त्रिकंद और वायु सेना का मालवाहक विमान सी-130 विमान शामिल हैं।
इस अभ्यास का उद्देश्य अर्ध-शहरी वातावरण में गैर परंपरागत अभियानों के क्षेत्र में तालमेल बढ़ाना और शांति स्थापना अभियानों के दौरान दोनों पक्षों के बीच सहयोग और अंतर-संचालनीयता को बढ़ावा देना है। इससे दोनों सेनाओं के बीच कौशल, अनुभव और अच्छी परंपराओं के आदान-प्रदान के साथ-साथ द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।
इस संयुक्त अभ्यास के दौरान दोनों देशों की सेनाएं संभावित खतरों से निपटने के लिए सामरिक अभ्यासों की एक श्रृंखला का संयुक्त रूप से प्रशिक्षण, योजना और क्रियान्वयन करेंगे, साथ ही नई पीढ़ी के उपकरणों और प्रौद्योगिकी का उपयोग और प्रदर्शन भी करेंगे। बारह दिनों तक चलने वाले इस संयुक्त अभ्यास में क्षेत्र प्रशिक्षण अभ्यास, युद्ध संबंधी चर्चाएं, केस स्टडी, व्याख्यान और प्रदर्शन शामिल होंगे, जिसका समापन दो दिनों के सत्यापन अभ्यास के साथ होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित