संयुक्त राष्ट्र , दिसंबर 20 -- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सूडान में संयुक्त राष्ट्र के रसद अड्डे पर पिछले सप्ताह हुए ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा की, जिसमें छह बंगलादेशी शांति सैनिक मारे गए और नौ अन्य घायल हो गए।
सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने प्रेस विज्ञप्ति में शहीद शांति सैनिकों के परिवारों और बंगलादेश सरकार और जनता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
ड्रोन हमले शनिवार को सूडान के दक्षिण कोर्डोफान राज्य के कडुगली में हुए।
परिषद के सदस्यों ने संयुक्त राष्ट्र के रसद अड्डे और अबेई के लिए संयुक्त राष्ट्र अंतरिम सुरक्षा बल (यूएनआईएसएफए) के शांति सैनिकों पर जानबूझकर किए गए इस हमले पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन है और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है।
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों को निशाना बनाए जाने और यूएनआईएसएफए के खिलाफ सभी हमलों और उकसावों की कड़ी निंदा की और ऐसे हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों को तत्काल जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया।
परिषद के सदस्यों ने दोहराया कि शांति सैनिकों पर हमले अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत युद्ध अपराध हो सकते हैं और सभी पक्षों को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत उनके दायित्वों की याद दिलाई। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से यूएनआईएसएफए के सहयोग से इन हमलों की शीघ्र जांच करने और संबंधित सैन्य बल भेजने वाले देश को प्रगति से अवगत कराते रहने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित