UAE Presidential Guard Commander pays tribute at National War Memorialनयी दिल्ली , दिसंबर 15 -- संयुक्त अरब अमीरात के प्रेसिडेंशियल गार्ड के कमांडर मेजर जनरल अली सैफ हुमैद अलकाबी ने सोमवार को यहां नेशनल वॉर मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित करके भारत के बहादुरों को श्रद्धांजलि दी।

संयुक्त अरब अमीरात प्रेसिडेंशियल गार्ड कमांडर चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आए हैं और वह यहां 19 दिसंबर तक रहेंगे।

उन्होंने साउथ ब्लॉक में गार्ड ऑफ ऑनर का भी निरीक्षण किया। सेना के प्रवक्ता के अनुसार इन समारोहों में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच साझा सैन्य भावना, आपसी सम्मान और भाईचारा झलका, जो दोनों देशों के बीच मजबूत, स्थायी और बढ़ती रक्षा साझेदारी को दर्शाता है।

गौरतलब है कि जुलाई में यहां सचिव स्तर की 13वीं भारत-संयुक्त अरब अमीरात संयुक्त रक्षा सहयोग समिति (जेडीसीसी) की बैठक के दौरान भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित