नयी दिल्ली , दिसम्बर 17 -- भारतीय सेना की एक टुकड़ी संयुक्त अरब अमीरात की सेना के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास 'डेजर्ट साइक्लोन' के दूसरे संस्करण में भाग लेने के लिए बुधवार को अबू धाबी रवाना हुई। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि गुरुवार से शुरू होने वाला यह अभ्यास 30 दिसंबर तक चलेगा।

भारतीय टुकड़ी में 45 जवान शामिल हैं जिनमें से अधिकांश मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट की एक बटालियन से हैं। संयुक्त अरब अमीरात की टुकड़ी में भी 45 सैनिक हैं जो 53वीं मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री बटालियन के हैं।

इस अभ्यास का उद्देश्य शहरी वातावरण में संयुक्त प्रशिक्षण के माध्यम से दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है। इससे दोनों सेनाओं को शांति स्थापना, आतंकवाद विरोधी और स्थिरता अभियानों के लिए एक साथ काम करने में मदद मिलेगी।

दोनों देशों के सैनिक संयुक्त रूप से लगभग दो सप्ताह तक सामरिक अभ्यासों की एक विस्तृत श्रृंखला के तहत प्रशिक्षण लेंगे, जिसमें शहरी क्षेत्रों में लड़ाई, हेलीकॉप्टर आधारित अभियान और विस्तृत मिशन योजना शामिल हैं। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में अभियानों के संचालन के लिए मानव रहित यान और ड्रोन रोधी प्रौद्योगिकी का भी इस्तेमाल किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित