संभल , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश में संभल जिले के चंदौसी क्षेत्र में शनिवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग होने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक युवक घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चंदौसी के बड़ा बाजार क्षेत्र में एक दुकान पर शटर लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग में दूसरे पक्ष के निखिल गुप्ता घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और घटना की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित