संभल , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एंटी करप्शन टीम ने तहसील गुन्नौर में तैनात कानूनगो को उसके निजी मुंशी के साथ रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ढ़ंडूमरा निवासी बलवीर ने एंटी करप्शन विभाग से शिकायत की थी कि कानूनगो तस्लीम अहमद नक्शा दुरुस्तीकरण की रिपोर्ट लगाने के नाम पर 14 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।

निर्धारित योजना के तहत जैसे ही कानूनगो और उसका निजी मुंशी बलवीर रिश्वत की रकम लेते हुए पाए गए, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को थाना गुन्नौर लाया गया, जहां उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एंटी करप्शन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित