संभल , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मां की पेंशन के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में छोटे भाई ने अपने बेटों के साथ मिलकर बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि थाना ऐंचौड़ा कंबोह क्षेत्र के गांव राजी खेड़ा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक वेद प्रकाश के निधन के बाद उनकी पेंशन उनकी पत्नी ओमवती देवी को मिल रही थी। पेंशन के बंटवारे को लेकर उनके पुत्रों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार का एक पुत्र नवीन अमरोहा जनपद के हसनपुर में रहता है, जबकि बृज किशोर और संजीव गांव में ही निवास कर रहे थे।
सोमवार दोपहर संजीव पशुओं को बाहर से घर के अंदर ले जा रहे थे। इसी दौरान बृज किशोर अपने बेटों अर्पित और अपूर्व के साथ वहां पहुंचा और संजीव से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर संजीव को गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित