संभल , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि धनारी थाना क्षेत्र के गांव उधरनपुर अजमतनगर के पास तीव्र मोड़ पर तेज रफ्तार टैक्सी कार ट्रक से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे टेंपो से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टेंपो बबराला से सवारियां लेकर बहजोई की ओर जा रहा था, जिसमें अधिकांश यात्री गंगा स्नान कर लौट रहे थे।
उन्होने बताया कि इस हादसे में किशोरी लाल (40), रजनी (12) निवासी रायपुर कलां तथा एक अज्ञात 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें ओमपाल, उसकी पत्नी प्रवेश, सलौनी, कुलदीप समेत अन्य यात्री शामिल हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस, 108 एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरटेकिंग या ट्रक से बचने के दौरान कार के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित