अम्मान , दिसम्बर 15 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जॉर्डन के साथ संबंधों को मजबूत बनाने की भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि उनकी शाह अब्दुल्ला के साथ बातचीत से दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढेगा तथा साझेदारी अधिक मजबूत होगी। जॉर्डन की दो दिन की यात्रा पर आये श्री मोदी ने सोमवार को यहां शाह अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन के साथ शिष्टमंडल स्तर की वार्ता के दौरान यह बात कही।

श्री मोदी ने जॉर्डन के शाह से कहा, " आपने भारत और जार्डन के संबंधों को नये आयाम तक पहुंचाने के लिए बहुत ही सकारात्मक विचार रखे हैं। मैं आपकी मित्रता और भारत के प्रति आपकी प्रतिबद्धता के लिए आभार प्रकट करता हूं। "दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75 वीं वर्षगांठ को संबंधों में मील का पत्थर बताते हुए उन्होंने कहा ," इस वर्ष हम अपने राजनयिक संबंधों की 75 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं ।यह मील का पतथर हमें आने वाले कई वर्षों तक आगे बढने के लिए प्रेरित करता रहेगा। मुझे विश्वास है कि आज की बैठक से दोनों देशों के संबंधों मे गति और गहराई एक नया रूप धारण करेगी।"उन्होंने कहा कि भारत और जॉर्डन व्यापार , उरर्वक , प्रौद्योगिकी, अससंरचना और लोगों के बीच परस्पर संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग आगे बढायेंगे।"श्री मोदी ने कहा कि भारत और जॉर्डन वैश्विक स्तर पर भी करीबी संपर्क में रहे हैं और गाजा पर जॉर्डन के शाह की शुरू से ही बड़ी सकारात्मक भूमिका रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहेगी।

प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ शाह अब्दुल्ला के रूख की सराहना करते हुए कहा , " आतंकवाद के विरूद्ध हमारा साझा और स्पष्ट रूख है। आपके नेतृत्व में जार्डन ने आतंकवाद , उग्रवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ एक सशक्त और रणनीतिक संदेश दिये हैं। सीमित बैठक में हमने इस महत्वर्ग्ण क्षेत्र में सहयोग को और मजबूती देने पर चर्चा की।

श्री मोदी ने कहा कि 2018 की आपकी भारत यात्रा के दौरान हमने इस्लामिक विरासत पर एक सम्मेलन में भाग लिया था। उन्होंने कहा," मोडरेशन को बढावा देने के लिए आपके प्रयास क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक शांति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण थे। हम इस दिशा में मिलकर ठोस रूप से आगे बढते रहेंगे और आपसी सहयोग के सभी आयामों को सशक्त बनायेंगे।"प्रधानमंत्री तीन देशों की चार दिन की यात्रा के पहले चरण में आज ही अम्मान पहुंचे थे। जॉर्डन के प्रधानमंत्री ने हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय समुदाय के लोगों ने भी श्री मोदी का परंपरागत तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से स्वागत किया।

वार्ता के बाद जॉर्डन के शाह ने श्री मोदी के सम्मान में भोज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित