पटना , मार्च 12 -- पटना शहर में संपत्ति कर वसूली को लेकर पटना नगर निगम ने अब व्यापक और सख़्त अभियान शुरू कर दिया है।

पटना नगर निगम मुख्यालय से आज नगर आयुक्त के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त द्वारा सम्पत्ति कर संग्रहण के लिए धावा दल को रवाना किया गया। संपत्ति कर वसूली के उद्देश्य से पटना नगर निगम द्वारा छह विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें शहर के सभी छह अंचलों में जाकर बड़े बकायेदारों से संपत्ति कर की वसूली सुनिश्चित करेंगी।बनायी गई टीम का नेतृत्व उप नगर आयुक्त,सहायक लोक स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी कर रहे हैं। साथ में दो नगर निगम कर्मी एवं तीन पुलिस बल भी शामिल है।

पटना नगर निगम मुख्यालय द्वारा टीम को आवश्यक प्रशासनिक अधिकार भी प्रदान किए गए हैं, जिससे वसूली की प्रक्रिया को तेज़ और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।सम्पत्ति कर वसूली को प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित टीमों के साथ आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

पटना नगर निगम द्वारा विशेष रूप से उन भवनों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के स्वामियों पर कार्रवाई की जाएगी, जिन पर पचास हज़ार से अधिक का संपत्ति कर बकाया है ।इन सभी बकायेदारों को पूर्व में भी नोटिस जारी कर भुगतान के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कर का भुगतान नहीं किया गया है।ऐसे बकायेदार चिन्हित कर लिए गए हैं। इन सभी के विरुद्ध अभियान चलाकर वसूली की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित