नयी दिल्ली , मार्च 06 -- चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने श्री तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि श्री संधू एक अनुभवी, सक्षम और दूरदर्शी प्रशासक हैं, जिन्होंने अपने लंबे प्रशासनिक तथा कूटनीतिक अनुभव से देश की सेवा की है और अब इसका लाभ दिल्ली के लोगों को मिलेगा तथा राष्ट्रीय राजधानी विकास की नयी इबारत लिखेगी।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि श्री संधू के पास नीतिगत समझ, प्रशासनिक दक्षता और वैश्विक दृष्टिकोण का समन्वय है, जो दिल्ली जैसे महत्वपूर्ण महानगर के सुशासन और समग्र विकास में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ व्यापार, उद्यमिता, संस्कृति और वैश्विक संपर्क का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में श्री संधू का अनुभव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नेतृत्व निश्चित रूप से दिल्ली के बुनियादी ढांचे के विकास, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन तथा नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री संधू के मार्गदर्शन में दिल्ली सुव्यवस्थित प्रशासन, बेहतर नागरिक सेवाओं और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद ने दिल्ली के निवर्तमान उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में राष्ट्रीय राजधानी के विकास, प्रशासनिक सुधारों और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए, जिनका लाभ दिल्लीवासियों को लंबे समय तक मिलता रहेगा।

उन्होंने श्री सक्सेना को लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में नयी जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने अनुभव और नेतृत्व से लद्दाख के विकास एवं सुशासन को भी नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित