भिण्ड , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के असवार थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

पुलिस के अनुसार असवार निवासी फरियादी शैलेन्द्र कुमार जाटव ने बताया कि नौ मार्च की रात करीब आठ बजे गांव का ही रहने वाला पुणेन्द्र सिंह चौहान उसके बड़े भाई सतीश कुमार को अपने साथ ट्रक में तूड़ी भरने के काम के लिए ले गया था। उसने उसे भी साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया।

कुछ समय बाद शैलेन्द्र को उसके ताऊ के बेटे रवि जाटव ने सूचना दी कि सतीश कुमार की मौत हो गई है और उसका शव लहार अस्पताल में रखा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि पुणेन्द्र जब भी वाहन भरवाने जाता है तो अपने साथ तीन से चार अज्ञात लोगों को भी ले जाता है। सतीश की मौत को संदिग्ध मानते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर लहार स्थित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालय के सामने चक्काजाम कर दिया।

करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान आवागमन प्रभावित रहा और परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर लहार के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, तहसीलदार तथा संबंधित थाना प्रभारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और जाम समाप्त कर दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित