सुल्तानपुर लोधी , दिसंबर 20 -- राज्यसभा सदस्य एवं पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने शनिवार को केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल को पत्र लिख कर पंजाब के लिए बाढ़ प्रबंधन और हरिके पत्तन की गाद निकालने के लिए विशेष पैकेज की मांग की।
संत सीचेवाल ने कहा कि अगर केन्द्र सरकार ने अभी भी विशेष पैकेज देने में देरी की तो आने वाले समय में पंजाब को और भी बड़ी कुदरती आपदाओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि साल 2020 में सतलुज नदी पर बने गिद्दड़पिंडी रेलवे ब्रिज के नीचे से और जून-जुलाई के महीनों में बुड्ढा नदी से बड़े पैमाने पर गाद हटाने की वजह से यह इलाका बाढ़ से बच गया।
संत सीचेवाल ने अपने पत्र में कहा कि अगस्त 2025 में पंजाब में आयी भयानक बाढ़ ने बहुत ज़्यादा तबाही मचाई थी। इसके बाद रावी नदी में आई बाढ़ ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इन बाढ़ों ने माझा, मालवा और दोआबा इलाकों में बहुत तबाही मचाई थी। सैकड़ों गांव प्रभावित हुए हैं, कीमती जानें गयी हैं। किसानों की धान की फसलें लगभग 100 परसेंट बर्बाद हो गयीं। सड़कें, सरकारी इमारतें और गांव के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी भारी नुकसान हुआ। पत्र में हरिके पत्तन हेड वर्क्स का ज़िक्र करते हुए संत सीचेवाल ने कहा कि जहां सतलुज और ब्यास नदियां मिलती हैं, वहां 1952-53 में इस बैराज के बनने के बाद से एक बार भी डी-सिल्टिंग नहीं की गई है। करीब 48 स्क्वायर किलोमीटर एरिया में भारी मात्रा में गाद जमा हो गयी है, जिससे बाढ़ के दौरान पानी रोकने की क्षमता खत्म हो गयी है।
सांसद ने कहा कि मानसून के दौरान चिट्टी बेईं, काली बेईं, सतलुज और ब्यास नदियां हर साल बहुत ज़्यादा गाद और रेत लाती हैं, जो हरिके पत्तन में जमा हो जाती है, पानी राजस्थान चला जाता है, लेकिन गाद पंजाब के लिए खतरा बन जाती है। उन्होंने कहा कि पंजाब की अर्थव्यवस्था खेती पर निर्भर है और खेती पानी पर निर्भर है। पानी डैम में है, जिसे केंद्र सरकार नियंत्रित करती है। उन्होंने कहा, " देश को खाना खिलाने वाला पंजाब अब खुद पानी के लिए जूझ रहा है। "उन्होंने कहा कि अगस्त में आयी बाढ़ की वजह से किसानों की बंजर ज़मीन को फिर से खेती लायक बनाने के लिए पांच महीने से सेवा चल रही है, जहां चार से पांच फुट तक गाद जमा हो गयी है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हर साल डैम में आने वाले पानी में कितनी गाद होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित