चित्तौड़गढ़ , दिसम्बर 20 -- राजस्थान में चितौड़गढ शहर में पिछले महीने हुई कुरियर व्यवसायी की हत्या के मामले में आरोपी संत रमताराम की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई अब मंगलवार को होगी।

न्यायालय सूत्रों ने बताया कि रमेश ईनाणी हत्याकांड में नामजद 24 दिन से फरार आरोपी संत रमताराम ने शुक्रवार को अचानक अपने अधिवक्ता के जरिये जिला सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका पेश की जिस पर शनिवार को सुनवाई नियत थी। पुलिस केस डायरी लेकर भी पहुंच गई, लेकिन जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने तकनीकी कारणों के चलते सुनवाई स्थगित करके याचिका को अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय भिजवा दिया, जिस पर अब 23 दिसम्बर को सुनवाई की जाएगी।

बताया गया है कि जिला एवं सत्र न्यायालय के सरकारी अधिवक्ता मनोहर दक पूर्व में आरोपी के किसी मामले में अधिवक्ता रह चुके हैं जिससे नियमानुसार इस मामले में वह अब बतौर सरकारी अधिवक्ता पैरवी नहीं कर सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि मृतक रमेश ईनाणी की गत 12 नवम्बर को दिन दहाड़े बीच बाजार मोटर साइकिल सवार शूटर उत्तरप्रदेश के बनारस निवासी मनीष दुबे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसकी संत रमताराम पर सुपारी देने का आरोप मृतक के पुत्र ने लगाया था। मृतक और संत के बीच रामद्वारा चित्तौड़गढ़ के पीछे स्थित एक भूमि को लेकर राजस्व मंडल अजमेर में मामला विचाराधीन था जिसका फैसला मृतक के पक्ष में घटना के पूर्व ही आया था। इससे पूर्व भी संत और मृतक के बीच परस्पर मारपीट भी हुई थी। शूटर दुबे को उसी दिन पुलिस ने पकडं लिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित