श्रीगंगानगर , मई 04 -- राजस्थान में अजमेर में छींपा समाज के आराध्य संत नामदेव महाराज की मूर्ति के साथ हुई घटना ने पूरे समुदाय को झकझोर दिया है।

अजमेर जिले के किशनगढ़ में नामदेव सर्किल पर स्थापित की जाने वाली इस प्रतिमा को चोरी करके तोड़ दिया गया। समाज के लोगों का कहना है कि यह न केवल एक मूर्ति की घटना है, बल्कि उनकी गहरी धार्मिक भावनाओं और सदियों पुरानी आस्था पर सीधा हमला है। इस घटना के खिलाफ सोमवार को श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट पर छींपा समाज ने एकजुट होकर विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने किशनगढ़ नगरपरिषद के मुख्य अधिकारी सुनील और संबंधित प्रशासन की लापरवाही को लेकर खासा रोष जताया। उन्होंने सुनील का पुतला फूंककर नारेबाजी की और किशनगढ़ प्रशासन का भी पुतला दहन किया। प्रदर्शन से पहले कोड़ा चौक स्थित संत नामदेव मंदिर में समाज की बैठक हुई। बैठक के बाद रोष मार्च निकाला गया और जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर रीना छींपा को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि किशनगढ़ नगरपरिषद मुख्य अधिकारी सुनील सहित अन्य दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करके सख्त कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित