अम्बिकापुर , अप्रैल 12 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भगवानपुर निवासी संतोष सरकार ने अपने घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर बिजली बिल से राहत पायी है।
तीन किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र से न केवल उनका मासिक बिजली खर्च शून्य हुआ है, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड को देकर वे ''ऊर्जादाता'' के रूप में भी योगदान दे रहे हैं।
जिला पीआरओ ने रविवार को बताया कि योजना से घरेलू खर्च में कमी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का लाभ सामने आया है।
जानकारी के अनुसार सोलर संयंत्र स्थापित करने से पहले संतोष को प्रतिमाह आठ से दस हजार रुपये तक का बिजली बिल चुकाना पड़ता था, जिससे पारिवारिक बजट पर दबाव पड़ता था। योजना का लाभ लेने के बाद उनका बिजली बिल समाप्त हो गया है और अतिरिक्त बिजली का उपयोग ग्रिड के माध्यम से किया जा रहा है।
इस पहल में उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी का लाभ मिला है। कुल 1,08,000 रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई है, जिसमें से 78,000 रुपये की राशि केंद्र सरकार से सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हो चुकी है। शेष 30,000 रुपये की राज्य सरकार की सब्सिडी की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई गई है।
उन्होंने योजना से मिले लाभ पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता के कारण सोलर पैनल लगाना सहज हुआ है। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी इस योजना का लाभ लेने की अपील की, ताकि बिजली खर्च में कमी के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित