संतकबीरनगर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 61 मुकदमों से संबंधित 84 लीटर कच्ची शराब और 1126 प्रतिबंधित 'बंटी-बबली' पाउच देशी शराब नष्ट कर दी।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया गया।

उपजिलाधिकारी खलीलाबाद के आदेश पर नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी तथा प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दूबे की मौजूदगी में निरीक्षक अपराध राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई करते हुए अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट किया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित