संतकबीरनगर , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में दिहाड़ी मजदूरी पर जा रहे एक ही परिवार के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सदर) प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के बूधा कला पेट्रोल पंप के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग हादसे का शिकार हो गए।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कांटे चौकी क्षेत्र के डारीडीहा गांव निवासी चंद्रभान (35) पुत्र सिरपत तथा चंद्रहास (25) पुत्र चंद्रभूषण के रूप में हुई है। हादसे में चंद्रभूषण (45) पुत्र सिरपत गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार एक ही परिवार के तीनों सदस्य रोज की तरह मंगलवार सुबह मोटरसाइकिल से दैनिक मजदूरी के लिए खलीलाबाद जा रहे थे। जैसे ही वे बूधा कला पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कांटे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार ट्रक चालक और ट्रक की तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित