संतकबीरनगर , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के गायघाट पूर्वी गांव में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात गांव में दो शादियों की तैयारियां चल रही थीं। एक बारात जोगिंदर पुत्र जग्गी के घर आनी थी, जबकि चिंटू पुत्र समधर की बारात तामा गांव जाने वाली थी। परछावन की रस्म के दौरान डीजे पर युवक नाच रहे थे। इसी दौरान कुछ शरारती तत्वों द्वारा युवतियों के साथ अभद्रता और पत्थर फेंकने की बात सामने आई।

इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुई झड़प में बदल गई। मारपीट में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय अनिल कपूर पुत्र भागीरथी को पहले मलौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल और बाद में गोरखपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष के घर पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया और पथराव किया, जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर धनघटा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी बुलाई गई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवाद की जड़ छेड़छाड़ का मामला था और शिकायत करने पर दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित