संतकबीरनगर , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोनी में बुधवार की देर शाम तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली के बीच एक वृद्ध की मौत हो गई।

सीओ सदर प्रियम राजशेखर पाण्डेय ने यहाँ बताया कि ग्राम कोनी निवासी रमाकांत यादव बुधवार की शाम करीब पांच बजे गांव के दक्षिण दिशा में लगी आग बुझाने जा रहे थे। आग बुझाने के लिए गांव के कई लोग पहले से मौके पर मौजूद थे और आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते आसमान में तेज गर्जना होने लगी और अचानक आकाशीय बिजली गिर गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। जब ग्रामीणों ने इधर-उधर देखा तो रमाकांत यादव गंभीर रूप से झुलसे हुए जमीन पर पड़े मिले। ग्रामीणों ने बिना देर किए उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित