संतकबीरनगर , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में दहेज हत्या के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने बताया कि थाना महुली पुलिस ने धारा 80(2)/85/92 बीएनएस व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मनीष गौड़ (28), रजनीश कुमार उर्फ पप्पू गौड़ (32), रामकिशुन (62) और रीता (32) शामिल हैं। सभी आरोपी वार्ड नंबर 8 रंगपाल नगर, नगर पंचायत हरिहरपुर, थाना महुली क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता ने 28 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री को ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। 26 मार्च को वह संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हरिहरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित