संतकबीरनगर , फरवरी 18 -- संतकबीरनगर जिले में चोरों ने चोरी का नया तरीका अपनाते हुए बिजली आपूर्ति बाधित कर 250 केवीए ट्रांसफार्मर से करीब 400 लीटर तेल चोरी कर लिया। यह घटना कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के चुरेब चौराहे की है, जिससे विद्युत विभाग को भारी आर्थिक नुकसान हुआ और इलाके की आपूर्ति भी प्रभावित रही।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात से पहले चोरों ने क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी। इसके बाद ट्रांसफार्मर को खंभे से उतारने का प्रयास किया गया, लेकिन वजन अधिक होने के कारण वे असफल रहे। इसके बाद ट्रांसफार्मर का ढक्कन खोलकर सारा तेल निकाल लिया गया। इस दौरान एक चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हुआ है।

बुधवार सुबह बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर पहुंचे कर्मचारियों ने जांच की तो ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने का पता चला। सूचना पर विद्युत विभाग के जेई धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चोरी से विभाग को बड़ा वित्तीय नुकसान हुआ है और तत्काल आपूर्ति बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जेई धनंजय सिंह की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सदर अमित कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित