संतकबीरनगर , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में पुलिस ने झाड़-फूँक के नाम पर महिला को ठगने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि थाना मेंहदावल पुलिस ने बखिरा थाने में दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त करमतुल्ला उर्फ अली खान पुत्र मुर्तजा निवासी जगदौर, थाना सिन्दुरिया (जनपद महराजगंज) को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से10 ग्राम पीली धातु के आभूषण,1160 ग्राम चांदी के आभूषण और एक लाख तीन हजार की नगदी बरामद हुयी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 17 मार्च को थाना मेंहदावल में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने झाड़-फूँक के नाम पर उसे बहलाकर उसके आभूषण और नकदी हड़प ली, साथ ही विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

महिला अपराध की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को नौलखा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित