संतकबीरनगर , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के मठियापार गांव में बग्घी के घोड़े के बिदकने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मठियापार गांव निवासी कतवारी देवी (55) पत्नी रामरूप बीती देर शाम खेत से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार घोड़ा बग्घी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन घायल महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया।

पुलिस उपाधीक्षक खलीलाबाद अमित कुमार ने बताया कि हादसे में महिला के सिर और आंखों में गंभीर चोटें आई थीं। ग्रामीणों के अनुसार मठियापार निवासी बालकिशुन अपने खेत से सरसों लाने गए थे। उन्होंने बग्घी खड़ी कर सरसों बटोरना शुरू किया, तभी अचानक घोड़ा बिदक गया और तेज रफ्तार से भागने लगा। इसी दौरान रास्ते से गुजर रही कतवारी देवी उसकी चपेट में आ गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित