संतकबीरनगर , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर और बस्ती जिले की सीमा पर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम टेमा रहमत के पास मंगलवार को बोलेरो और ट्रक की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में बोलेरो सवार चार लोग झुलसकर घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो में सवार लोग बस्ती जिले में एक शादी समारोह से लौटकर खलीलाबाद जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग में ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो अनियंत्रित हो गई और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और जलती गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया तथा पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलने पर बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बोलेरो पूरी तरह जल चुकी थी। घायलों को एंबुलेंस से बस्ती जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। खलीलाबाद निवासी मनोज की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार उनका लगभग आधा शरीर झुलस गया है। गंगाराम सहित अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है।

मुंडेरवा थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल भेजा गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित