चंडीगढ़ , अप्रैल 27 -- शिरोमणि अकाली दल ने कहा है कि राज्य भर में आठ से 10 घंटे के बिजली के कट लगाने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार सीधे तौर पर जिम्मेदार है, क्योंकि वह अल्पकालिक बिजली खरीदने में नाकाम रही है और पर्वतीय राज्यों के साथ बिजली विनिमय समझौता लागू नही कर सकी और धन की कमी के कारण बिजली भी खरीद नहीं पा रही हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता डाॅ. चीमा ने कहा कि यह बेहद हैरान करने वाली बात है कि पंजाब को ऐसे समय में बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जब खेती क्षेत्र के लिए कोई बिजली की मांग नहीं है। उन्होंने कहा,'' यह कुप्रबंधन का साफ मामला है।''उन्होंने बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा द्वारा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए बहाने बनाने के लिए कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा,'' अरोड़ा दावा कर रहे हैं कि यह स्थिति रखरखाव और उन्नयन कार्य के कारण हुई है, जबकि इस मामले में तथ्य यह है कि तलवंडी साबो थर्मल प्लांट जो कुछ समय पहले रखरखाव के लिए बंद किया गया था अब चालू हो गया है और रोपड़ थर्मल प्लांट की इस समय केवल एक ही इकाई बंद है।''डाॅ. चीमा ने कहा कि सच्चाई यह है कि आम आदमी पार्टी सरकार पीएसपीसीएल को अल्पकालिक बिजली खरीद के लिए राजी करने में नाकाम रही है, भले ही गर्मी का मौसम जल्दी शुरू होने से पहले ही चेतावनी दे दी गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित