नयी दिल्ली , फरवरी 06 -- रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ रविवार को सऊदी अरब में तीसरे 'वर्ल्ड डिफेंस शो' 2026 में उच्चस्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के साथ इंडिया पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि इस शो में 700 से अधिक कंपनियों और लगभग 400 आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों के भाग लेने की संभावना है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा उत्पादन विभाग और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। भारत ने इस शो में 400 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले इंडिया पवेलियन का आयोजन किया है। पवेलियन में रक्षा विनिर्माण और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की बढ़ती स्वदेशी क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें भारत के सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख रक्षा उपक्रम शामिल होंगे, जिनमें आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड , एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड , म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड , भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड , इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड , भारत डायनामिक्स लिमिटेड तथा यंत्रा इंडिया लिमिटेड (YIL) शामिल हैं। ये उपक्रम टैंक, आर्टिलरी गन प्रणालियाँ, मिसाइलें, गोला-बारूद, राडार आदि जैसे अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।

शो के दौरान रक्षा राज्य मंत्री और उनके सऊदी अरब समकक्ष के बीच एक द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त, रक्षा राज्य मंत्री सऊदी अरब के प्रमुख उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे, ताकि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को और सुदृढ़ किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित