सुलतानपुर , मार्च 28 -- आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह से जुड़े आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के एक पुराने मामले की सुनवाई शनिवार को सुलतानपुर की एमपी/एमएलए कोर्ट में टल गई। अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए छह अप्रैल की तारीख तय की है।

संजय सिंह के अधिवक्ता मदन सिंह ने आज यहां बताया कि राम नवमी के अवकाश के कारण सुनवाई नहीं हो सकी थी। इससे पहले 19 मार्च को भी मामले की सुनवाई गवाहों की अनुपस्थिति के कारण टल गई थी। हालांकि, 27 फरवरी को एफआईआर लेखक अजीत कुमार ने अदालत में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया था, जिस पर बचाव पक्ष के वकील ने जिरह की थी। मुकदमे के जांच अधिकारी अनूप कुमार सिंह भी अदालत में मौजूद थे, जिनकी मुख्य परीक्षा पहले ही पूरी हो चुकी है।

उल्लेखनीय है कि 13 अप्रैल 2021 को त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान बंधुआकलां थाने के हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य सलमा बेगम के समर्थन में बिना अनुमति के एक सभा आयोजित की गई थी। जो आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला है। पुलिस ने इस संबंध में संजय सिंह सहित 12 नामजद और 45 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच पूरी होने के बाद मकसूद अंसारी, सलीम अंसारी और जगदीश यादव सहित कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित