नयी दिल्ली , दिसंबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने सोमवार को दरभंगा शहरी सीट से विधायक संजय सरावगी को बिहार प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

इससे पहले शीर्ष नेतृत्व ने रविवार को बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके एक दिन पहले शनिवार को उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद पर केंद्र सरकार में राज्य मंत्री पंकज चौधरी को तैनात किया गया था।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया। इस पत्र में लिखा गया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार के विधायक संजय सरावगी को बिहार प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

श्री सरावगी का जन्म 28 अगस्त 1969 को हुआ था और वह छात्र जीवन से अखिल भारतीय विधार्थी परिषद से जुड़े रहे। उन्होंने 1995 में भाजपा की सदस्यता ली और इसके बाद उन्हें युवा मोर्चा में जिम्मेदारी मिली। श्री सरावगी पहली बार दरभंगा नगर निगम के वार्ड छह से चुनाव जीते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित