पटना , दिसंबर 18 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण किया और कहा कि भविष्य में पार्टी को और अधिक मजबूत करने के लिए काम करते रहेंगे।

श्री सरावगी ने आज पटना स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में राज्य में पार्टी के संगठनं की कमान संभाली।

इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित राज्य के कई शीर्ष भाजपा नेता तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

बिहार भाजपा अध्यक्ष का कार्यभार संभालने से पहले श्री सरावगी ने पटना उच्च न्यायालय के पास स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह एक जुलूस के साथ प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे।

श्री सरावगी के जुलूस (रोड शो) में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जबकि भगवा साड़ियों में सजी महिला कार्यकर्ताओं ने मार्ग में खड़े हो कर उनका स्वागत किया।

श्री सरावगी ने इस अवसर पर कहा कि बिहार भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने के लिए वह पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति अत्यंत आभारी हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनाधार को और बढ़ाना और पार्टी का संदेश आम लोगों तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के सिद्धांतों और विचारधारा के अनुरूप काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा पहले से ही मजबूत है और हाल ही में संपन्न बिहार विधानसभा चुनावों में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन उनका लक्ष्य पार्टी को और अधिक सशक्त बनाना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित