नयी दिल्ली , अप्रैल 22 -- सांसद संजय झा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी अध्यक्ष बने रहेंगे।
जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने श्री चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।
जदयू की बुधवार को यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार पार्टी ने नयी राष्ट्रीय कार्यकारी और अन्य पदाधिकारियों की सूची जारी की है। पार्टी ने चौबीस सदस्यीय समिति दो महिलाओं को जगह दी है। श्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को इसमें शामिल नहीं किया गया है। श्री निशांत कुमार को हालांकि पार्टी संगठन में कोई जिम्मेदारी देने की अटकलें लगायी जा रही थीं। गौरतलब है कि श्री निशांत कुमार ने कुछ ही दिनों पहले जदयू की सदस्यता ग्रहण की थी।
पार्टी संगठन की नयी कार्यकारिणी में कई पुराने और अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी दी गयी है। इसमें संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का ध्यान रखा गया है ।
जदयू ने 12 नेताओं को महासचिव बनाया है। इनमें मनीष कुमार वर्मा, आफाक अहमद खान, श्याम रजक, अशोक चौधरी, रोशन सिंह कुशवाहा, राम सेवक सिंह, कविता देवी, कपिल हंसदेव पटेल, राज सिंह मान, सुनील कुमार उर्फ इंजीनियर सुनील, हर्षवर्धन सिंह और मौलाना गुलाम रसूल बलियावी शामिल हैं। इसके श्री अलावा राजीव रंजन प्रसाद को प्रवक्ता सह सचिव बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित