वाराणसी , अप्रैल 10 -- वाराणसी की प्रतिभाशाली शख्सियत संजय खन्ना को भारत की अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) का अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। कंपनी के इस फैसले को ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

काशी के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, संजय खन्ना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा वाराणसी के बेसेंट थियोसोफिकल स्कूल से प्राप्त की तथा आगे की पढ़ाई राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, तिरुचिरापल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा मुंबई विश्वविद्यालय से फाइनेंस मैनेजमेंट में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की।

साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर उन्होंने देश के शीर्ष सार्वजनिक उपक्रम में सर्वोच्च पद हासिल किया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। बीपीसीएल में तीन दशकों के लंबे और समृद्ध अनुभव के दौरान संजय खन्ना ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफल नेतृत्व किया। उनकी दूरदर्शी सोच और प्रभावी नेतृत्व ने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

उनकी नियुक्ति से न केवल बीपीसीएल बल्कि पूरे वाराणसी शहर में खुशी और गर्व का माहौल है। ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि उनके नेतृत्व में भारत पेट्रोलियम आने वाले समय में नई उपलब्धियां हासिल करते हुए देश को ऊर्जा क्षेत्र में और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित