जयपुर , अप्रैल 11 -- राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने संगीत को जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार बताते हुए कहा है कि संगीत एक औषधि के रूप में कार्य करता है और मन को सुकून देता है।

श्री देवनानी शनिवार को अजमेर में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में इंडिया इंटरनेशनल म्यूजिक लवर्स सोसायटी द्वारा आयोजित स्वरांजलि-2026 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संस्था म्यूजिक थेरेपी थीम पर कार्य कर रही है। यह अत्यंत सार्थक और प्रेरणादायक है। शास्त्रों में भी कहा गया है कि 'नाद ही ब्रह्म है' और संगीत मन और शरीर के रोगों को दूर करने की अद्भुत क्षमता रखता है।

उन्होंने कहा कि सोसायटी द्वारा निरंतर 100वें कार्यक्रम की इस गौरवशाली श्रृंखला का आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक उपलब्धि है बल्कि समाज के मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति एक सशक्त पहल भी है।

उन्होंने कहा कि 'संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित करने का एक साधन है।' हमे संगीत को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, साधना बनाना चाहिए और इसके माध्यम से एक स्वस्थ, सकारात्मक और संवेदनशील समाज का निर्माण करें।

समारोह में सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. लाल थडानी एवं डॉ. दीपा थडानी ने बताया कि संस्था द्वारा गत पांच वर्षों से कोरोना, हृदय रोग, कैंसर आदि लाइलाज रोगों से पीड़ित परिवारों की व्यथा को मंच देने के लिए उनमें डर, तनाव, मानसिक अवसाद, टेंशन, कंफ्यूज आदि से मुक्त करने का सकारात्मक प्रयास किया है और संस्था सफल भी रही है। इसके अलावा संस्था के सदस्य वृद्ध आश्रम, नेत्रहीन एवं वंचित छात्राओं, युवा बेसहारा बच्चों और दिव्यांग विभिन्न बच्चों के लिए, जरूरतमंदों के लिए नियमित रूप से हर साल कार्यक्रम करती रही है।

समारोह में चिकित्सा स्वास्थ्य, साहित्य समाज सेवा, गीत संगीत में निस्वार्थ अनुकरणीय योगदान के लिए संस्था द्वारा श्रीमती इंदिरा वासुदेव देवनानी की स्मृति में 61 प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित