प्रयागराज , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित संगम क्षेत्र में माघ मेला के तहत झूंसी के प्रहलादपुर इलाके में राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) द्वारा शुक्रवार को भूकंप आपदा पर आधारित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत-बचाव कार्य की तैयारी परखना था।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप आने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई, जिसमें थाना झूंसी परिसर स्थित एसडीआरएफ भवन के क्षतिग्रस्त होने का परिदृश्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद फायर सर्विस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की संयुक्त टीमों ने तत्काल राहत अभियान शुरू किया।
टीमों ने मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को सीपीआर देने तथा उन्हें शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का अभ्यास किया। कम से कम समय में अधिकतम राहत पहुंचाने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि माघ मेला जैसे बड़े आयोजनों के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए इस प्रकार की मॉक ड्रिल अत्यंत आवश्यक है। इससे विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और तत्परता को मजबूत किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित