प्रयागराज , जनवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेले के दूसरे स्नान पर्व मकर संक्रांति के मौके पर गुरुवार को संगम की रेती पर आस्था का सैलाब हिलोरें मारता दिखायी पड़ा। कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, ब्रह्म मुहूर्त से लेकर सुबह नौ बजे तक 12 लाख से अधिक श्रद्धालु पावन डुबकी लगा चुके थे। मेला प्रशासन का अनुमान है कि आज एक से डेढ़ करोड़ श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे,बुधवार को एकादशी पर ही 85 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई थी। पौष पूर्णिमा पर 31 लाख श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।

माघ मेले में 20 से 25 लाख कल्पवासी एक माह का कल्पवास कर रहे हैं। पूरे माघ मेले के दौरान डेढ़ महीने में 12 से 15 करोड़ श्रद्धालु स्नान करेंगे। माघ मेले में 12000 फीट लंबा स्नान घाट तैयार किया गया है। स्नान घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग, जल पुलिस,एनडीआरएफ एसडीआरएफ और गोताखोर तैनात किए गए हैं।मेले से जुड़े अधिकारी भी ग्राउंड जीरो पर मौजूद है,सिंचाई विभाग माघ मेले में 10 हजार क्यूसेक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की है,माघ मेले में 160 किमी की चकर्ड प्लेट लोक निर्माण विभाग द्वारा बिछाई गई है,यूपी जल निगम द्वारा 242 किमी पेयजल लाइन बिछाई गई है।85 किमी सीवर लाइन बिछाई गई है। यूपी पावर कारपोरेशन की ओर से 25 अस्थाई विद्युत सब स्टेशन बनाए गए हैं,श्रद्धालुओं के त्वरित उपचार के लिए दो अस्पताल 20 20 बेड के बनाए गए हैं। 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और दो हेल्थ सेंटर बनाए गए हैं।एक वेक्टर कंट्रोल यूनिट 5 आयुर्वेदिक और पांच होम्योपैथिक अस्पताल भी मेले में खोले गए हैं,50 एम्बुलेंस की व्यवस्था मेले में दी गई है,माघ मेले में 25 हजार शौचालय, 8 हजार डस्टबिन, 10 लाख से अधिक लाइनर बैग, 30 सक्सन गाड़ियां लगाई गई हैं,तीन हजार सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है,मेले का दायरा बढ़ाया गया है,800 हेक्टेयर में 7 सेक्टर में मेला बसाया गया है,अलग-अलग दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 42 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, मेला क्षेत्र में 17 थाने,42 चौकियां, 20 फायर टेंडर, सात अग्निशमन चौकी 20 अग्निशमन के वॉच टावर,एक जल पुलिस थाना, एक जल पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है,स्नान घाटों पर एटीएस कमांडो भी तैनात किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित