शिलांग , दिसंबर 29 -- मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में त्रिपुरा के 24 वर्षीय एमबीए छात्र की हत्या की निंदा की है।

श्री संगमा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "त्रिपुरा के अंजेल चकमा को देहरादून में बर्बर नस्लीय दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा और अपनी जान गंवानी पड़ी। यह बहुत ही दुखद और अस्वीकार्य है। नस्लीय हिंसा किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाना चाहिए।" मुख्यमंत्री ने कहा, पूर्वोत्तर के लोग भी इस देश के हर नागरिक की तरह उतने ही भारतीय हैं जितने अन्य राज्य के हैं। नस्लवाद को कभी भी सामान्य नहीं माना जाना चाहिए और इसके दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

पीड़ित अंजेल पर कैंटीन में पांच से छह लोगों के विवाद के दौरान धारदार हथियार से नौ दिसंबर को हमला किया गया था और 26 दिसंबर को उनकी उपचार के दौरान मौत हो गयी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कहा कि इस तरह के हमले 'अस्वीकार्य' हैं। इस मामले में पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। अंजेल के हत्या का एक आरोपी यज्ञ अवस्थी अब भी फरार है। वह नेपाल के कंचनपुर जिले का निवासी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित