नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत आठ राज्यों के नव नियुक्त जिला कांग्रेस समिति अध्यक्षों के लिये एक दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम इंदिरा भवन में आयोजित किया गया था। इस प्रशिक्षण सत्र में कुल 286 जिला कांग्रेस अध्यक्षों (डीसीसी) ने भाग लिया। कार्यक्रम को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने संबोधित किया।

पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने एक बयान जारी कर कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का एक अहम मिशन है। अब तक इस अभियान के पांच चरण पूरे हो चुके हैं, जिनके अंतर्गत 14 राज्यों में 531 डीसीसी अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। अगले चरण में छह और राज्यों के 218 जिलों में यह प्रक्रिया जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित