जयपुर , दिसंबर 30 -- राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने संगठन और सत्ता के समन्वय से कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सशक्त संगठनात्मक ढांचे को दर्शाता है।

श्री मीणा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामलों के मंत्री सुमित गोदारा के साथ कार्यकर्ता सुनवाई करने के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश में यह स्पष्ट संदेश गया है कि सरकार और संगठन जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे प्रदेश में सकारात्मक वातावरण एवं सकारात्मक संदेश का संचार हो रहा है।

उन्होंने कहा, " भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का हर कार्य हो, इस भावना के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ता सुनवाई की शुरुआत की गयी है और मंगलवार को सुनवाई में 58 प्रकरण सामने आये, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं।

श्री गोदारा ने कहा कि पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सुनवाई से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलती है तथा कार्यकर्ता स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय के साथ-साथ सभी मंत्रियों के आवास पर भी नियमित रूप से जनसुनवाई की जाती है। भाजपा की यही कार्यशैली उसे अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान दिलाती है। जब मंत्री संगठन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की सुनवाई करते हैं, तो इसका सकारात्मक संदेश आमजन तक जाता है और जनहित के कार्य भी प्रभावी ढंग से संपन्न होते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित