भिंड , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के भिंड जिले में 16 शासकीय विभागों की 91 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए आयोजित संकल्प से समाधान शिविर में अव्यवस्थाओं के कारण कलेक्टर ने खासी नाराजगी दिखाई।

कल स्थानीय निराला रंग बिहार ग्राउंड में संपन्न हुए इस शिविर में अव्यवस्थाओं के कारण प्रशासनिक अधिकारियों की नाराजगी देखने को मिली। शिविर में 5 विभाग के अधिकारी शामिल नहीं हुए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शिविर में परिवहन, योजना एवं सांख्यिकी, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम, तकनीकी शिक्षा कौशल विकास एवं रोजगार और मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विभाग का एक भी कर्मचारी काउंटर पर मौजूद नहीं था। कलेक्टर केएल मीणा की नाराजगी के बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) अखिलेश शर्मा और तहसीलदार रंजीत सिंह ने शिविर का निरीक्षण कर अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची तैयार की।

एसडीएम ने कहा कि लापरवाह कर्मचारियों को उच्च स्तर से नोटिस जारी किया जाएगा।

शिविर में नगर पालिका कर्मचारियों की व्यवस्था भी अव्यवस्थित रही। एसडीएम अखिलेश शर्मा ने निरीक्षण के दौरान कहा कि नपा का काउंटर अव्यवस्थित और छोटा था।

उन्होंने कहा कि शिविर के संबंध में पहले भी निर्देश दिए गए थे। अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है और लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित