देहरादून , मार्च 23 -- उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि राज्य मे विकास कार्यों को लेकर श्वेत पत्र की मांग करने वाली कांग्रेस को सच्चाई स्वीकारने की जरूरत है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बयान पर सोमवार को अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा उठाए गए 4 साल 8 सवाल पूरी तरह राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास है, जबकि धरातल पर सच्चाई बिल्कुल विपरीत है।

उन्होंने कहा धरातल पर सभी तथ्य मौजूद हैं कि राज्य मे विकास की तस्वीर क्या है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दे पर सरकार ने हर जरूरी कदम उठाकर आम जन को राहत देने की कोशिश की है।

राज्य सरकार ने केंद्र के साथ मिलकर मुफ्त राशन योजना, गैस सब्सिडी और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाखों परिवारों को सीधा लाभ पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि राज्य मे रोजगार की स्थिति उत्साहजनक है। उत्तराखंड में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू कर नकल विरोधी सख्त कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया और हजारों पदों पर नियुक्तियां हुईं।

वहीं राज्य में मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, जिला अस्पतालों का सुदृढ़ीकरण और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ी है।

सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल संसाधन और शिक्षकों की नियुक्तियों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है।

पलायन रोकने के लिए कई स्वरोजगारपरक नीतियाँ चलाई जा रही है। इनमे होमस्टे योजना, सड़क और कनेक्टिविटी में सुधार से पहाड़ों में आजीविका के अवसर बढ़े हैं। वहीं पर्यटन को पंख लगे हैं।

राज्य मे कानून व्यवस्था चाक चौबंद है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाये जाते रहे हैं।

अब थाना चौकियों मे रिपोर्ट दर्ज करने से लेकर कार्यवाही मे कोताही नही बरती जाती है।

श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस को अपने भय, भ्रष्टाचार और अराजकता वाले कार्यकाल के अवलोकन कि जरूरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित