चंडीगढ़ , जनवरी 28 -- हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने आगामी बजट की तैयारियों के मद्देनजर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अब तक किये गये कार्यों दिसंबर तक हुए बजट व्यय और शेष बजट के उपयोग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गयी। सुश्री चौधरी ने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट किया कि शेष बजट का उपयोग पूरी पारदर्शिता और प्रभावी तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि प्रत्येक रुपया जनहित में खर्च हो। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि आवंटित धनराशि का अधिकतम लाभ किसानों और आम जनता तक पहुंचे।

उन्होंने आगामी बजट के लिए अग्रिम योजना तैयार करने के निर्देश दिये, जिससे सिंचाई परियोजनाओं नहरों की मरम्मत जल संरक्षण और किसान कल्याणसे जुड़े कार्य समय पर पूरे हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को कागजों तक सीमित न रखते हुए जमीनी स्तर पर लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग किसानों और राज्य की अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़ा है, इसलिए सभी को जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित