अमृतसर , दिसंबर 29 -- श्री दरबार साहिब परिसर में लगे प्राचीन स्तंभों में से एक क्षतिग्रस्त स्तंभ को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक प्रचार सामग्री पर प्रतिक्रिया देते हुए, श्री दरबार साहिब के प्रबंधक भगवंत सिंह धंगेरा ने सोमवार को कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे मरम्मत के लिए हटाया गया है।
श्री धंगेरा ने बताया कि श्री दरबार साहिब परिसर में बिजली आपूर्ति के लिए फरीदकोट रियासत द्वारा लगाये गये स्तंभों में से तीन स्तंभ अभी भी मौजूद हैं, जिनमें से बुंगा रामगढ़िया की ओर स्थित यह स्तंभ क्षतिग्रस्त हो गया था, जो वर्तमान में पाइप और तारों के सहारे खड़ा था। उन्होंने कहा कि इस स्तंभ को मरम्मत के लिए इसलिए हटाया गया है, ताकि बड़ी संख्या में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
धंगेरा ने कहा कि शिरोमणि समिति ने हमेशा विरासत स्मारकों को उनके मूल स्वरूप में संरक्षित करने का प्रयास किया है। इस स्तंभ की जल्द ही मरम्मत करके इसे उसी स्वरूप में पुनः स्थापित किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की भ्रामक प्रचार सामग्री पर ध्यान न देने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित